Skip to main content

कविता/ समय साक्षी

समय साक्षी
----------
सूर्यालोकित स्वर्गलोक की
रंगीनियां उसे भी पसंद हैं
लुभाती और ललचाती भी हैं
लेकिन प्रभावित नहीं कर पातीं
चमकती किरणों की
सचाइयों को जनता है वह
कहां से मिलती है
 उनकी आभा को ऑक्सीजन
कभी कभी सोचता है वह
जाहिल ही क्यों नहीं बना रहा
आस्था के समुद्र में डुबकी लगाता
किसी का देवालय बनाने
किसी का पूजाघर तोड़ने की
बहसों और साजिशों में व्यस्त रहता
अपने धर्म के लिए आक्रामक रहता
दूसरे के धर्म के लिए कुतर्क गढ़ता
रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने के लिए
किसी संन्यासी से योग सीखता
फिर केंचुए की तरह रेंगते हुए
चढ़ जाता स्वर्ग की सीढ़ियां
और बन जाता विदूषक
कथित सर्वशक्तिमान
किसी नरपिशाच का
लेकिन नहीं
वह तो लिखना चाहता है
आज के समय की पंचपरमेश्वर
पर लिख नहीं पा रहा
अब और ताकतवर हो गए हैं
तमाम अलगू चौधरी
रेहन पर रखे बैलों का
निचोड़ रहे हैं कतरा कतरा
न एक अलगू चौधरी हैं
न कम है बैलों की संख्या
उसे तलाश है
किसी पंचपरमेश्वर की
जो उसके कथा के
चरित्रों के साथ
कर सके न्याय
वह बार बार सोचता है
कथा सम्राट प्रेमचंद होते तो
कैसी पंचपरमेश्वर लिखते
क्या बांच पाते
अलगू चौधरी का बही खाता
साल दर साल बढ़ता उसका मुनाफा
उस मुनाफे में से अलगा पाते
बैलों के पसीने की कीमत
बता पाते तिमाही लाभांश में
बैलों का है कितना हिस्सा?
वह बन गया है
अपने समय का मूक साक्षी
अनुदार समय में
अनुदार लोगों के बीच
खोज रहा है
समतावती कल्याणकारी राज्य
राज्य जिसकी उत्पत्ति
मनुष्य के कल्याण के लिए
मनुष्यों ने की
जिसे रक्षा करनी थी मानवता की
आज थैलीशाहों की थैली में
खो गया है वह
जनता को गाय बनाकर
कर लिया गया है अपहरण
गाय की पूंछ पकड़ कर ही
पार कर पाएंगे वैतरिणी
गा रहे हैं उनके चारण भाट
कल्पित स्वर्गलोक के लिए
एक दूसरे को मार काट रहे
प्रचारित प्रसारित कर रहे
मनगढ़ंत इतिहास की कहानियां
अपने दिमाग के भूसे को
गोबर में तब्दील कर
फेंक दे रहे यहां-वहां जहां-तहां
और बता रहे हैं गोबरधन
इन्हीं में लिथड़ा वह
खोजता फिर रहा
रीढ़ वाला बिना भूसेवाला इंसान
ताकि बची रहे इंसानियत
इससे पहले कि
कुदरत प्रलय ढाहे
और नष्ट हो जाय
समूचा ब्रम्हांड
कुछ लोग तो बचे रहें
जो कर सकें नव सृजन।
- ओमप्रकाश तिवारी

Comments

Popular posts from this blog

संतान मोह और मानव सभ्यता

कविता ...... सन्तान मोह और मानव सभ्यता ....... क्या दो जून की रोटी के लिए जिंदगी पर जिल्लतें झेलता है इंसान? पेट की रोटी एक वजह हो सकती है यकीनन पूरी वजह नहीं हो सकती दरअसल, इंसान के तमाम सपनों में सबसे बड़ा ख्वाब होता है परिवार जिसमें माता-पिता नहीं होते शामिल केवल और केवल बच्चे होते हैं शामिल इस तरह हर युवा संतान की परिधि से बाहर हो जाते हैं माता-पिता जरूरी हो जाते हैं अपने बच्चे जब उनके बच्चों के होते हैं बच्चे तब वह भी चुपके से कर दिए जाते हैं खारिज फिर उन्हें भान होता है अपनी निरर्थकता का लेकिन तब तक हो गई होती है देरी मानव सभ्यता के विकास की कहानी संतान मोह की कारूण कथा है जहां हाशिये पर रहना माता-पिता की नियति है संतान मोह से जिस दिन उबर जाएगा इंसान उसी दिन रुक जाएगी मानव सभ्यता की गति फिर न परिवार होगा न ही घर न समाज होगा न कोई देश छल-प्रपंच ईर्षा-द्वेष भी खत्म बाजार और सरकार भी खत्म जिंदगी की तमाम जिल्लतों से निजात पा जाएगा इंसान फिर शायद न लिखी जाए कविता शायद खुशी के गीत लिखे जाएं... #omprakashtiwari

मौसम की पहली बरसात

कई दिनों से सूरज की आंच में तप रही थी धरती तवे पर रोटी की तरह पक रहे थे प्राणी बादलों को जरूर इन पर तरस आया होगा अपनी सेना लेकर आ गए मैदान में दे दी सूर्य को चुनौती घबराकर रोने लगा भाष्कर और मोतियों की तरह गगन से गिरने लगी बंूदें गर्मी से विकल मानव निकल आया घरों से रिमझिम बरसात में चुराने लगा नमक पसीने के रूप में जिसे छीन लिया था सूरज ने

कविता : आईना तुम आईना नहीं रहे...

आईना अब तुम आईना नहीं रहे तुम्हारी फितरत ही बदल गयी है डर गए हो या हो गए हो स्वार्थी गायब हो गई है तुम्हारी संवेदनशीलता बहुत सफाई से बोलने और दिखाने लगे हो झूठ जो चेहरा जैसा है उसे वैसा बिल्कुल भी नहीं दिखाते बल्कि वह जैसा देखना चाहता है वैसा दिखाते हो हकीकत को छिपाते हो बदसूरत को हसीन दिखाने का ज़मीर कहां से लाते हो? क्या मर गयी है तुम्हारी अन्तर्रात्मा?  किसी असुंदर को जब बताते हो सुंदर तब बिल्कुल भी नहीं धिक्कारता तुम्हारा जमीर?  आखिर क्या-क्या करते होगे किसी कुरूप को सुंदर दिखाने के लिए क्यों करते हो ऐसी व्यर्थ की कवायद?  क्या हासिल कर लेते हो?  कुछ भौतिक सुविधाएं?  लेकिन उनका क्या जो तुम पर करते हैं विश्वास और बार बार देखना चाहते हैं अपना असली चेहरा जैसा है वैसा चेहरा दाग और घाव वाला चेहरा काला और चेचक के दाग वाला चेहरा गोरा और कोमल त्वचा वाला चेहरा स्किन कहने से क्या चमड़ी बदल जाएगी?  काली से गोरी और गोरी से काली खुरदुरी से चिकनी और चिकनी से  खुरदुरी हो जाएगी?  नहीं ना जानते तो तुम भी हो मेरे दोस्त फिर इतने बदले बदले से क्यों हो?  क्यों न...